पुरानी सब्जी मंडी के 24 स्ट्रीट वेंडर्स को मिली नई चौकियां, पारदर्शी लॉटरी से हुआ आवंटन

पाली : शहर के स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित व्यवसायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुरानी सब्जी मंडी के 24 स्ट्रीट वेंडर्स को नव निर्मित चौकियों का आवंटन कर दिया। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में टाउन वेंडिंग कमेटी और स्ट्रीट वेंडर्स की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी लॉटरी सिस्टम के माध्यम से संपन्न कराई गई।
दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के एसयूएसवी घटक के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य फुटपाथ विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित व्यापारिक स्थान उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका को मजबूत बनाना है।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि चौकियों के आवंटन के लिए पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई। लॉटरी प्रक्रिया केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 7 के छात्र मयंक, पुत्र गणेश, द्वारा संपन्न कराई गई, जिसमें प्रत्येक स्ट्रीट वेंडर के नाम के साथ चौकी संख्या का चयन सार्वजनिक रूप से किया गया। इस प्रक्रिया से सभी आवेदकों में विश्वास और पारदर्शिता बनी रही तथा किसी भी प्रकार की पक्षपात की संभावना समाप्त हुई।

चौकी आवंटन के बाद आयुक्त नवीन भारद्वाज ने सभी लाभार्थियों को चौकियों के उपयोग से संबंधित नियमों एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में स्वच्छता, सुव्यवस्था और सुचारू आवागमन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्ट्रीट वेंडर्स से नगर निगम के साथ सहयोग करते हुए शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्ट्रीट वेंडर्स को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उपलब्ध ऋण सुविधाओं, आवेदन प्रक्रिया और ऋण वितरण प्रणाली की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायी आसानी से ऋण प्राप्त कर अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना की विभिन्न सुविधाओं और पात्रता संबंधी जानकारी देकर वेंडर्स को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

नगर निगम का मानना है कि व्यवस्थित चौकियों का आवंटन न केवल स्ट्रीट वेंडर्स की आय बढ़ाने में मदद करेगा, बल्कि शहर की बाजार व्यवस्था को भी अधिक सुव्यवस्थित बनाएगा। इससे फुटपाथ विक्रेताओं को स्थायी व्यापारिक स्थान मिलेगा और आमजन को भी बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान सचिव किशन सिंह रतनू, कोतवाली थाना अधिकारी आनंद सिंह, विकास बूबकिया, जिला परियोजना अधिकारी प्रवीण सिंह सहित पुरानी सब्जी मंडी के सभी स्ट्रीट वेंडर्स उपस्थित रहे।



