पाली में विकास योजनाओं की प्रगति पर जिला कलक्टर सख्त, अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

पाली : जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन तक उनका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर की अध्यक्षता में शुक्रवार को राज-उन्नति कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया। वहीं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मरों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए। बैठक में एफएसटीपी परियोजनाओं, पीएम श्री योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं एवं पालनहार योजना की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए कस्टम हायरिंग केंद्रों की स्थापना तथा सहकारी संस्थाओं की भंडारण क्षमता बढ़ाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा घुमंतु एवं विमुक्त जातियों के लिए आवासीय सुविधाओं, अमृत 2.0 के तहत सीवरेज परियोजनाओं तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी संचालन की समीक्षा की गई।
बैठक में कस्तूरबा गांधी छात्रावासों, अन्य छात्रावासों की व्यवस्थाओं तथा ग्रीष्मकालीन मौसम को देखते हुए पीएचईडी विभाग की समर कंटीजेंसी योजना की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने पेयजल आपूर्ति और आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, एडीएम ओम प्रभा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



