पाली में शिक्षकों की समस्याओं पर मंथन, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने स्थानांतरण, पदोन्नति और TET मुद्दों को उठाया

पाली : अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जिला कार्यकारिणी बैठक शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांगड़, पाली में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की मौजूदगी में शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को प्राथमिकता से उठाते हुए उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह ने की। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष (अजमेर संभाग) दिनेश शर्मा तथा प्रदेश उपाध्यक्ष (पाली संभाग) एवं जिला प्रवासी कार्यकर्ता शैतान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिले के सभी आठों खंडों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बैठक में सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक के दौरान संगठन के आठों खंडों का आंतरिक अंकेक्षण (ऑडिट) किया गया। जिला कोषाध्यक्ष तेज सिंह एवं जिला प्रवासी कार्यकर्ता शैतान सिंह ने वित्तीय अभिलेखों और संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन को संगठन की मजबूती का आधार बताया।
प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन देते हुए कहा कि किसी भी संगठन की शक्ति उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और निरंतर जनसंपर्क में निहित होती है। उन्होंने सदस्यता विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और संगठन की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।

बैठक में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति, टीईटी से जुड़े विषयों तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने इन मुद्दों को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने और शीघ्र समाधान के लिए प्रयास करने का निर्णय लिया। शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर संगठन ने एकजुटता का संदेश दिया।
बैठक में पाली जिला के पूर्व जिला मंत्री एवं वर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा के राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर उनका अभिनंदन किया गया। साथ ही आगामी 30 जून को सेवानिवृत्त होने जा रहे विभाग संगठन मंत्री मुकनाराम बावल का भी सम्मान किया गया। महासंघ ने दोनों वरिष्ठ साथियों के शैक्षिक और संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
प्रवास कार्यक्रम के दौरान प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा एवं शैतान सिंह ने संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा, पाली संभाग अजय कुमार गुप्ता से शिष्टाचार भेंट कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। महासंघ पदाधिकारियों ने शिक्षक हितों से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान की मांग रखी।
इस पर संयुक्त निदेशक अजय कुमार गुप्ता ने सभी मामलों का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का आश्वासन देते हुए शिक्षक हितों के प्रति सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक के बाद पदाधिकारियों का प्रवास कार्यक्रम जिला मंत्री ओमप्रकाश कुमावत के निवास पर आयोजित हुआ, जहां संगठनात्मक विषयों पर अनौपचारिक चर्चा के साथ आत्मीय संवाद हुआ। वहीं लंबे समय से अस्वस्थ चल रही वरिष्ठ महिला कार्यकर्ता रुक्मणि केशवानी के निवास पर पहुंचकर पदाधिकारियों ने उनका कुशलक्षेम जाना और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
जिला अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संगठन की गतिविधियों को प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया। बैठक का संचालन जिला मंत्री ओमप्रकाश कुमावत ने किया।



