पाली : रेहड़ी-पटरी वालों को बड़ी राहत, पीएम स्वनिधि योजना के तहत 40 ऋण स्वीकृत

पाली : शहर के रेहड़ी-पटरी संचालकों, फुटकर विक्रेताओं और असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम पाली एवं यश बैंक के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत दो दिवसीय विशेष ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भाग लेकर योजना का लाभ उठाया।
जिला परियोजना अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को बिना किसी जटिल प्रक्रिया के आसान ऋण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा फुटकर विक्रेताओं, फल एवं सब्जी विक्रेताओं, केबिन संचालकों, हॉकरों, घरेलू कामगारों, भवन निर्माण श्रमिकों, परिवहन कर्मियों, गिग वर्कर्स, वेस्ट वर्कर्स, रैग पिकर्स और विभिन्न प्रकार के दस्तकारों को प्रदान की जा रही है।

विशेष शिविर के दौरान यश बैंक द्वारा 40 द्वितीय ऋण और 10 प्रथम ऋण आवेदनों पर प्रक्रिया की गई। इनमें से 40 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। अधिकारियों का कहना है कि स्वीकृत ऋण से लाभार्थियों को अपने छोटे व्यवसाय का विस्तार करने, नई सामग्री खरीदने और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इसी क्रम में नगर निगम पाली द्वारा सुंदर नगर स्थित राजश्री स्कूल में विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 लाभार्थियों ने भाग लिया और योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
नगर निगम के प्रतिनिधि शेरसिंह ने उपस्थित लोगों को पीएम स्वनिधि योजना की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। शिविर के दौरान दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा 10 पात्र लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन मौके पर ही दर्ज किए गए।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर के अधिकाधिक पात्र स्ट्रीट वेंडर्स और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को योजना से जोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उद्देश्य यह है कि छोटे व्यापारियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित यह विशेष शिविर शहर के छोटे व्यापारियों के लिए राहत और उम्मीद लेकर आया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।



