पुरुषोत्तम मास में पुण्य की अनूठी मिसाल, पाली के स्वर्गाश्रमों में लगे वाटर कूलर, राहगीरों को मिलेगा शीतल जल

पाली। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर जलसेवा और लोककल्याण की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण सामने आया है। हिन्दू सेवा मंडल द्वारा संचालित स्वर्गाश्रमों में दानदाताओं के सहयोग से वाटर कूलर स्थापित किए गए हैं, जिससे अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों के साथ-साथ राहगीरों और आसपास के क्षेत्रवासियों को भीषण गर्मी में शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
हिन्दू सेवा मंडल के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में भामाशाह एवं अतिरिक्त आयुक्त जीएसटी विशाल दवे तथा उनके परिवार द्वारा स्वर्गीय प्रो. शिवलाल दवे की पुण्य स्मृति में सर्वोदय नगर स्वर्गाश्रम स्थित प्याऊ पर आधुनिक वाटर कूलर भेंट किया गया। वहीं स्वर्गीय भगवती देवी एवं स्वर्गीय गोविंदराम भैरवानी की स्मृति में रामदेव रोड स्थित ढंढ़ नाड़ी स्वर्गाश्रम में भी एक वाटर कूलर स्थापित कराया गया।

संस्था के प्रवक्ता देवराज शर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में स्वर्गाश्रमों में बड़ी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता जनसेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। वाटर कूलर लगने से न केवल अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर हिन्दू सेवा मंडल के सचिव कमल किशोर गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंबालाल सोलंकी, उपाध्यक्ष केवलचन्द कवाड़ तथा कोषाध्यक्ष गुरुचरण हेड़ा सहित संस्था के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने दानदाता परिवारों के इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों ने विशाल दवे परिवार एवं भैरवानी परिवार के सदस्यों सहित सहयोगी परिजनों का सम्मान करते हुए इस पुण्य कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं और व्यवस्थापकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संस्था अध्यक्ष डॉ. एम.एस. लोढ़ा ने कहा कि पुरुषोत्तम मास सेवा, दान और परोपकार का विशेष अवसर माना जाता है। ऐसे समय में जलसेवा जैसे कार्य समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाते हैं। उन्होंने इस जनहितकारी पहल में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
भीषण गर्मी के दौर में स्वर्गाश्रमों में लगाए गए ये वाटर कूलर अब प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराएंगे, जिससे जलसेवा का यह कार्य लंबे समय तक जनहित में उपयोगी साबित होगा।



