पाली के बच्चों ने देखा गंदे पानी से स्वच्छ जल बनने का सफर, STP विजिट से मिला पर्यावरण संरक्षण का पाठ

पाली : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम पाली ने पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अभिनव पहल करते हुए स्कूली विद्यार्थियों को मंडिया रोड स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भ्रमण कराया। इस दौरान बच्चों ने प्रत्यक्ष रूप से देखा कि घरों और शहर से निकलने वाला गंदा पानी किस प्रकार आधुनिक तकनीक की मदद से शुद्ध जल में परिवर्तित किया जाता है।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस विशेष एक्सपोजर विजिट में विद्यार्थियों को 7.50 एमएलडी और 15 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिशासी अभियंता कलीम अशरफ ने बच्चों को बताया कि सीवर लाइन से आने वाला गंदा पानी विभिन्न चरणों से गुजरकर साफ और उपयोगी जल में बदल जाता है, जिसका उपयोग बागवानी, हरित क्षेत्रों के विकास तथा औद्योगिक कार्यों में किया जाता है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को प्लांट के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन कराया गया। उन्होंने इनलेट चैम्बर, स्क्रीनिंग यूनिट, एरिएशन टैंक, सेकेंडरी क्लेरिफायर और स्लज ड्राइंग बेड की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। पीआईयू टीम के विशेषज्ञों ने प्रत्येक यूनिट के संचालन और जल शुद्धिकरण प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
विद्यार्थियों ने पहली बार यह अनुभव किया कि दैनिक जीवन में उपयोग के बाद निकलने वाला पानी किस प्रकार वैज्ञानिक प्रक्रिया से गुजरकर दोबारा उपयोग योग्य बनाया जाता है। इस जानकारी ने बच्चों को जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के महत्व को समझने में मदद की।
अधिशासी अभियंता कलीम अशरफ ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने विशेष रूप से सीवर लाइनों में प्लास्टिक, कचरा और अन्य ठोस अपशिष्ट नहीं डालने का संदेश दिया, क्योंकि इससे सीवरेज व्यवस्था प्रभावित होती है और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण बेहद जरूरी है और इसके लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। बच्चों को “जल ही जीवन है” का संदेश देते हुए पानी की एक-एक बूंद बचाने का संकल्प दिलाया गया।
नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए 7 जून से 12 जून तक शहरभर में विशेष जनजागरूकता एवं जनभागीदारी अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नागरिकों को जल संरक्षण, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर पाली को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान सुधाकर स्कूल के शिक्षक राहुल मिश्रा, पीआईयू टीम प्रभारी मिथुन कुमार तथा एसटीपी प्लांट के संचालक, सुपरवाइजर और कर्मचारी भी मौजूद रहे।



