भाजपा सोमनाथ मंडल ने बनाई बूथ सशक्तिकरण की रणनीति, सेवा पखवाड़े में होंगे वृक्षारोपण और जनसेवा अभियान

पाली : भारतीय जनता पार्टी के सोमनाथ मंडल की मासिक बैठक रविवार को रामदेव रोड स्थित महात्मा गांधी कॉलोनी में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों और जनसेवा गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सुरेश पंवार ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला मजबूत संगठन है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक बूथ की संरचना तय कर उनकी कार्यकारिणी के गठन तथा बूथों को शक्ति केंद्रों में विभाजित करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंडल के आईटी संयोजक दिनेश माली (डीएम) ने बताया कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत मंडल स्तर पर विशेष सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान वृक्षारोपण अभियान, जीव दया कार्यक्रम, मंदिरों एवं शिवालयों की सफाई, जल संरक्षण जागरूकता अभियान तथा अन्य जनहितकारी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने और जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संगठन की ओर से यह भी तय किया गया कि प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर नियमित संपर्क अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखा जाएगा।
जिला प्रवक्ता त्रिलोक चौधरी ने संगठन की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक अनुशासन, समन्वय और सेवा भाव को भाजपा की कार्यशैली की पहचान बताया।
बैठक में जिला कार्यकारिणी सदस्य पुनाराम सीरवी, वसीम भाई खोखर, वरिष्ठ नेता रामदयाल गौड़, गौतम यति, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश नाहर, महामंत्री प्रताप सिंह राठौड़, अमोलक शर्मा, उपाध्यक्ष रामेश्वर सिंह राजपुरोहित, सुमार भाई संभवानी, मुकेश सिंह शेखावत, राजेश मुनोत, नरेंद्र अमरनानी, सुरेंद्र निहलानी, गोपाल कुमावत, योगेश सोनी, दिलीप मेवाड़ा, रणवीर सिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी दिनों में संगठन विस्तार के साथ-साथ सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर भी सहमति व्यक्त की गई।



