भारतीय संस्कृति और विश्व शांति पर हुआ मंथन, ब्रज गोपीका सेवा मिशन की बैठक में गूंजा सनातन मूल्यों का संदेश

पाली : ब्रज गोपीका सेवा मिशन, पाली की साप्ताहिक बैठक रविवार को छत्रपति शिवाजी सर्किल के निकट जनता कॉलोनी में आयोजित हुई। बैठक में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, विश्व शांति और आध्यात्मिक मूल्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक समिति के जिला अध्यक्ष डॉ. रामलाल मोहबारशा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. मोहबारशा ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं सदियों से मानवता को दिशा देती रही हैं। उन्होंने जगद्गुरु कृपालु जी महाराज के जीवन और उनके विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने विश्व शांति, मानव कल्याण और आध्यात्मिक जागरण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। भारतीय वेद, पुराण, वेदांत, गीता, रामायण और उपनिषदों के गहन अध्ययन से यह स्पष्ट होता है कि भारत में विश्व का मार्गदर्शन करने की अद्भुत क्षमता है।
उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, प्रेम, करुणा और सहअस्तित्व जैसे जीवन मूल्यों का संदेश भारत ने न केवल अपने नागरिकों को बल्कि पूरे विश्व को दिया है। आज भी विश्व में बढ़ते तनाव और संघर्षों के बीच भारतीय संस्कृति के ये सिद्धांत मानवता के लिए प्रासंगिक बने हुए हैं।
बैठक में ब्रज गोपीका सेवा मिशन, पाली शाखा के अध्यक्ष चंपालाल सोलंकी और सचिव सीमा शर्मा ने डॉ. रामलाल मोहबारशा का सम्मान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन से संस्था की गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा अधिकाधिक लोग संगठन से जुड़कर भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के पूर्व आयोजनों को भी याद किया गया। वक्ताओं ने बताया कि लगभग सात-आठ वर्ष पूर्व संस्था के तत्वावधान में पाली नगर परिषद सभागार में सात दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग प्राप्त हुआ। इस तरह के आयोजनों ने शहर में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बैठक में संस्था के कोषाध्यक्ष भूराराम चौधरी, सुजान सिंह, शारदा वैष्णव, विमला, रेणु सोनी, श्रवण सिंह, सुनील आहूजा, मांगीलाल सहित अनेक साधक एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक सोच के प्रसार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।बैठक का समापन राष्ट्र, समाज और विश्व शांति की कामना के साथ किया गया।



