google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन होगा, नगर निगम घेराव की तैयारी, पेयजल, बिजली और सीवरेज मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति

पाली : शहर की बिगड़ती पेयजल व्यवस्था, अघोषित बिजली कटौती, सीवरेज संकट और विकास कार्यों में कथित ठहराव को लेकर कांग्रेस ने बड़ा जनांदोलन छेड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। आगामी दिनों में प्रस्तावित नगर निगम कार्यालय घेराव और जनआंदोलन को सफल बनाने के लिए रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार तथा नगर निगम प्रशासन के खिलाफ व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया।

बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हकीम भाई ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल ने कहा कि आम जनता आज मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नजर नहीं आ रही। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी आवाज बुलंद करने और अधिकारों की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने कहा कि शहर में पेयजल संकट, सीवरेज समस्या, बिजली कटौती और अव्यवस्थित नागरिक सुविधाओं के कारण आमजन परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निकाय चुनाव समय पर नहीं करवाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के बुनियादी मुद्दों पर सरकार और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर निगम कार्यालय तक संघर्ष करेगी।

पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़, पीसीसी सदस्य महावीर सिंह सुकरलाई और ब्लॉक अध्यक्ष हकीम भाई ने कहा कि पाली नगर निगम बजट की कमी और प्रशासनिक सुस्ती के कारण विकास कार्यों में पिछड़ गया है। शहर के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अधूरे हैं और नागरिक सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

बैठक में तय किया गया कि प्रस्तावित जनआंदोलन के दौरान शहर की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें शामिल हैं—

पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, अघोषित बिजली कटौती पर रोक, सीवरेज समस्याओं का स्थायी समाधान, मानसून से पहले नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, खस्ताहाल सड़कों का पुनर्निर्माण, वीरान पड़े सार्वजनिक उद्यानों का विकास, लंबित पट्टा एवं हस्तांतरण मामलों का निस्तारण, स्थानीय निकाय चुनाव शीघ्र करवाने की मांग

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय का घेराव कर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

बैठक में जिला एवं शहर कांग्रेस संगठन, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों, मंडल अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों और पूर्व पार्षदों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं को वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने और आमजन की समस्याओं को आंदोलन से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।

महिला नेता सुमित्रा जैन, नीलम बिड़ला सहित कई वक्ताओं ने भी संबोधित करते हुए आंदोलन को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। बैठक का संचालन जोगाराम सोलंकी ने किया, जबकि आभार कांग्रेस नेता आनंद सोलंकी ने व्यक्त किया।

कांग्रेस का दावा है कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए जनता की आवाज को बुलंद करने का प्रयास होगा। अब आगामी दिनों में प्रस्तावित नगर निगम घेराव को लेकर राजनीतिक माहौल और गर्माने की संभावना है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button