google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

चलती ट्रेन में चोरी करने वाले दो शातिर दबोचे, आरपीएफ के एएसआई अशोक कुमार को मिला ‘मैन ऑफ द मंथ’ सम्मान

सादे वेश में गश्त के दौरान की कार्रवाई, यात्रियों के मोबाइल, नकदी और महिला का पर्स बरामद

जोधपुर : चलती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल और कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उनकी सतर्कता, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें जोधपुर मंडल की ओर से प्रतिष्ठित ‘मैन ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

शुक्रवार को आयोजित समारोह में जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने एएसआई अशोक कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे यात्री सुरक्षा के प्रति आरपीएफ की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि 14 मई को ट्रेन संख्या 19224 जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस में नोखा और जोधपुर स्टेशनों के बीच एएसआई अशोक कुमार सादे वेश में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कोच एस-6 में एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त नजर आया। पूछताछ और तलाशी में उस पर सो रहे यात्रियों के मोबाइल फोन और महिलाओं के पर्स चोरी करने का संदेह गहरा गया।

उसी समय कोच एस-1 के यात्रियों द्वारा रेल मदद पोर्टल पर चोरी की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर उसके दूसरे साथी को भी उसी ट्रेन से हिरासत में लिया गया।

आरपीएफ की कार्रवाई में दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल फोन, चार्जर, नकदी और एक महिला का पर्स बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रेन के विभिन्न कोचों में यात्रियों के सो जाने के बाद चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी मेड़ता रोड के सुपुर्द कर दिया गया। यात्रियों की शिकायत के आधार पर जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सम्मान समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतिश शर्मा सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि एएसआई अशोक कुमार की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली ने न केवल यात्रियों का सामान बरामद कराया, बल्कि चलती ट्रेनों में सक्रिय चोरी के नेटवर्क पर भी प्रभावी चोट पहुंचाई है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन या रेल मदद पोर्टल पर दें।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button