पाली : शुरू हुई ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ प्रदर्शनी, मोदी सरकार की उपलब्धियों से रूबरू हो रहे नागरिक

पाली : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आमजन को सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पाली में तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ का शुभारंभ किया गया। रतनचंद लोढ़ा बाल निकेतन स्कूल में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी की उपस्थिति में किया गया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा पिछले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक फ्लेक्सी बोर्ड, सूचना पैनल और दृश्य सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

इस अवसर पर पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किया गया है और इसी प्रयास का प्रतिबिंब इस प्रदर्शनी में देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही है, जिससे पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनता और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

प्रदर्शनी 14 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि नागरिक योजनाओं की पात्रता और लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि विकास बुबकिया, त्रिलोक चौधरी, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, सहायक निदेशक जनसंपर्क, पूर्व शिक्षा अधिकारी सोहन भाटी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पाली प्रेस क्लब अध्यक्ष शेखर राठौड़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



