पाली : महाराणा प्रताप जयंती पर निकलेगी भव्य भगवा वाहन रैली, शिवसेना ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

पाली। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती को लेकर पाली में उत्साह का माहौल है। जयंती समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए शिवसेना ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शहर के शिवाजी सर्कल स्थित अटलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
शिवसेना जिला प्रमुख सोहन सिंह राव ने बताया कि महाराणा प्रताप की जयंती पाली में इस वर्ष विशेष उत्साह और गौरव के साथ मनाई जाएगी। इसके तहत विशाल भगवा वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, समाजजनों और शिवसैनिकों की भागीदारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि रैली सुबह 9 बजे शिवाजी सर्कल से रवाना होगी और लोढ़ा स्कूल, सूरजपोल, सोमनाथ मंदिर, जुनी कचहरी सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए महाराणा प्रताप जन्मोत्सव कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी। रैली के दौरान महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। पदाधिकारियों ने अधिकाधिक लोगों से रैली में शामिल होकर महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिवसेना जिला उप प्रमुख अरविंद बंजारा, जितेन्द्र सिंह चौहान, नरेश पंवार, दिलीप परिहार, दिलीप प्रजापत, नौरतन चौहान, शंकर कुमावत, महेन्द्र शर्मा, एडवोकेट विशाल सैनी, समाजसेवी सोहन सिंह कच्छवा सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महाराणा प्रताप जयंती को लेकर शहर में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा भी कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे में जयंती समारोह के दौरान शहर भगवा रंग में रंगा नजर आने की संभावना है।



