पाली में आज से शुरू होगा ‘ग्रामीण सेवा शिविर’ अभियान, गांव-गांव पहुंचकर मौके पर होंगे समस्याओं के समाधान

पाली : ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने जिले में ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ और ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत 15 जून से 15 जुलाई तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लोगों की शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक शिविर के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित उपखंड अधिकारियों और विकास अधिकारियों को सौंपी गई है। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो आमजन की समस्याओं का तत्काल समाधान करने का प्रयास करेंगे।
रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पाली कलेक्ट्रेट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला कलक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में 22 विभागों से जुड़ी सेवाओं का लाभ आमजन को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अभियान के पहले दिन 15 जून को पाली उपखंड क्षेत्र की साकदड़ा ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित होगा। इसके अलावा रोहट के गढ़वाड़ा, सोजत के बगड़ी नगर, मारवाड़ जंक्शन के आउवा एवं गुड़ा केसरसिंह, देसूरी के मगरतलाव, रानी के बालराई, बाली के पीपला तथा सुमेरपुर के कोरटा ग्राम पंचायत में भी सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
16 जून को पाली की डरी, सोजत की हरियामाली, मारवाड़ जंक्शन के नरसिंहपुरा एवं गादाणा, देसूरी के कोट सोलंकियांन, रानी के बिजोवा एवं वरकाणा, बाली के कुण्डाल एवं पादरला तथा सुमेरपुर के भारून्दा एवं नोवी ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे।
17 जून को मारवाड़ जंक्शन उपखंड क्षेत्र की सिनला और चवाड़िया ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 18 जून को पाली की भावरी, रोहट के ढाबर, सोजत के गुडाकलां, मारवाड़ जंक्शन के भगोड़ा एवं ईसाली, देसूरी के पनोता, रानी की ढारिया एवं जवाली, बाली के गोरिया एवं बीजापुर तथा सुमेरपुर की जवाई बांध ग्राम पंचायत में सेवा शिविर आयोजित होंगे।

इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य राजस्व, सामाजिक न्याय, चिकित्सा, शिक्षा, जलदाय, बिजली, कृषि, पशुपालन, पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। साथ ही पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि यह अभियान गांवों और शहरों में जनसुनवाई की प्रक्रिया को मजबूत करेगा तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं का समाधान करवाने की अपील की है।



