google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में 16 जून से शुरू होंगे पांच निःशुल्क योग शिविर, क्रीड़ा भारती ने पूरी की तैयारियां

पाली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती पाली द्वारा शहर में व्यापक स्तर पर योग जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में 16 जून से 20 जून 2026 तक पाली शहर के पांच अलग-अलग स्थानों पर निःशुल्क योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में आमजन को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

योग शिविरों की तैयारियों को लेकर लोढ़ा बाल निकेतन में क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविरों की रूपरेखा, जिम्मेदारियों के बंटवारे और संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी शिविरों के समन्वयक के रूप में जिला योग प्रमुख मुकेश बोहरा एवं मादाराम को जिम्मेदारी सौंपी गई।

क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इन शिविरों में डॉ. विजय, रणजीत जैन, देवीलाल, डॉ. गोविंद नारायण अरोड़ा, भरत कुमावत, अजय शर्मा, मोतीसिंह राजपुरोहित, संदीप जैन और नितिन सिंघवी योग प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षक प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम और दैनिक जीवन में योग के महत्व की जानकारी देंगे।

क्रीड़ा भारती द्वारा हाउसिंग बोर्ड, नेहरू उद्यान, राईको की ढाणी स्थित महादेव बगेची, टैगोर नगर ओंकारेश्वर महादेव मंदिर तथा बांगड़ कॉलेज परिसर में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। बांगड़ कॉलेज में आयोजित शिविर आरोग्य भारती के सहयोग से संचालित होगा।

जिला योग प्रमुख मुकेश बोहरा ने बताया कि प्रत्येक शिविर के लिए प्रभारी और सहयोगियों की नियुक्ति कर दी गई है ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सकें और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जा सके।

बैठक के दौरान बॉक्सिंग कोच दिलीप गहलोत और स्केटिंग कोच अजय शर्मा का भी सम्मान किया गया। दोनों प्रशिक्षकों को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जा चुका है। क्रीड़ा भारती पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया और उनके योगदान की सराहना की।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लहरीदास वैष्णव ने की। इस अवसर पर अनिल भंडारी, हेमशंकर शर्मा, लुंबाराम बी. गहलोत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, शिविर प्रभारी, सहयोगी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

क्रीड़ा भारती ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इन निःशुल्क योग शिविरों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button