गांव-गांव पहुंच रहा प्रशासन: ग्रामीण सेवा शिविरों में मौके पर हो रहा समस्याओं का समाधान, हजारों लोगों को मिल रही राहत
एक ही छत के नीचे मिल रहीं 22 विभागों की सेवाएं, 20 जून तक जिले की दर्जनों ग्राम पंचायतों में जारी रहेगा अभियान

पाली : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ जिले में आमजन के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनती जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सोमवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं का समाधान करवाया।
प्रशासन द्वारा आयोजित इन शिविरों में लोगों को राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, बिजली, पानी, चिकित्सा, कृषि, पंचायतीराज, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और उनके कार्य मौके पर ही निस्तारित किए जा रहे हैं।

सोमवार को पाली उपखंड क्षेत्र की साकदड़ा ग्राम पंचायत, रोहट के गढ़वाड़ा, सोजत के बगड़ी नगर, मारवाड़ जंक्शन के आउवा एवं गुड़ा केसरसिंह, देसूरी के मगरतलाव, रानी के बालराई, बाली के पीपला तथा सुमेरपुर के कोरटा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित हुए। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और अनेक मामलों का मौके पर निस्तारण किया।
जिला प्रशासन के अनुसार 16 जून को डरी, हरियामाली, नरसिंहपुरा, गादाणा, कोट सोलंकियांन, बिजोवा, वरकाणा, कुण्डाल, पादरला, भारून्दा और नोवी ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।
17 जून को मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र की सिनला और चवाड़िया ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित होंगे, जबकि 18 जून को भावरी, ढाबर, गुडाकलां, भगोड़ा, ईसाली, पनोता, ढारिया, जवाली, गोरिया, बीजापुर और जवाई बांध में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में 19 जून को मणिहारी, कलाली, गुड़ा रामसिंह, बोरनडी, धुन्धला, ढालोप, चांचाड़ी, इटन्दरा चारणान, बारवा और लापोद ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे। वहीं 20 जून को पाली उपखंड क्षेत्र की सोनाईमांझी ग्राम पंचायत में शिविर लगाया जाएगा।

ग्रामीण सेवा शिविरों के साथ-साथ जिले के विभिन्न नगरीय निकाय मुख्यालयों पर शहरी सेवा शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पट्टा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न शहरी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का कहना है कि इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाना और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर जनसुनवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं।
ग्रामीणों ने भी शिविरों को उपयोगी बताते हुए कहा कि पहली बार कई विभागों की सेवाएं एक साथ मिलने से उनके लंबित कार्यों का निस्तारण तेजी से हो रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि यह अभियान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसेवाओं की पहुंच को और अधिक मजबूत करेगा।




