10 साल पुराना रास्ते का विवाद ग्रामीण सेवा शिविर में सुलझा, प्रशासन की पहल से दोनों पक्षों में बनी सहमति

पाली : राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 केवल सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वर्षों से लंबित स्थानीय विवादों के समाधान का भी प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसका एक सकारात्मक उदाहरण सोमवार को ग्राम पंचायत साकदड़ा में देखने को मिला, जहां करीब एक दशक से चल रहा रास्ते का विवाद प्रशासनिक हस्तक्षेप और आपसी सहमति से समाप्त हो गया।
ग्राम पंचायत साकदड़ा स्थित भारत निर्माण सेवा केंद्र भवन में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान साकदड़ा निवासी तेजसिंह राजपूत एवं हनवंतसिंह राजपूत के बीच आवासीय भूमि क्षेत्र में सामलात रास्ते को लेकर पिछले लगभग 10 वर्षों से विवाद चला आ रहा था। लंबे समय से लंबित यह मामला स्थानीय स्तर पर कई बार चर्चा का विषय बना, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया था।
ग्रामीण सेवा शिविर में मामला सामने आने पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी बात सुनी और समाधान के लिए सकारात्मक संवाद स्थापित किया।
प्रशासनिक अधिकारियों की पहल और समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद का समाधान स्वीकार कर लिया। वर्षों से चले आ रहे इस विवाद के समाप्त होने पर दोनों परिवारों ने राहत महसूस की और प्रशासन की पहल की सराहना की।
उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य केवल योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना भी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को न्याय और राहत दोनों एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रहे हैं।
दशक पुराने विवाद के समाप्त होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी खुशी व्यक्त की। उनका कहना है कि लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद के कारण दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी रहती थी, लेकिन अब आपसी सहमति से समाधान होने से सामाजिक सौहार्द भी मजबूत हुआ है।
तेजसिंह और हनवंतसिंह राजपूत ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत साकदड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर उनके लिए राहत लेकर आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे शिविर भविष्य में भी लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते रहेंगे।
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत जिलेभर में प्रशासन आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कर रहा है, जिससे लोगों का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।



