google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मानव सेवा की मिसाल: पाली में 195 जरूरतमंद परिवारों को मिला राशन किट, गरीबों के घरों में पहुंची राहत

पाली। समाजसेवा और मानव कल्याण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे श्री हिन्दू सेवा मंडल ने एक बार फिर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। संस्था की मासिक गरीब राशन कार्ड योजना के तहत इस माह 195 जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री से भरे राशन किट वितरित किए गए। राशन वितरण कार्यक्रम संस्था के पदाधिकारियों और समाजसेवियों की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष डॉ. एम.एस. लोढ़ा, उपाध्यक्ष केवलचन्द कवाड़, पूर्व अध्यक्ष मांगीलाल गांधी, डॉ. एल.एन. सोनी, अर्जुनचंद मेहता और कोषाध्यक्ष गुरुचरण हेड़ा की मौजूदगी में लाभार्थियों को राशन सामग्री प्रदान की गई।

संस्था के प्रवक्ता देवराज शर्मा ने बताया कि शहर के दानवीर भामाशाहों और समाजहितैषी नागरिकों के सहयोग से यह योजना वर्षों से संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को प्रतिमाह आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण सुगमता से हो सके।

वितरित किए गए राशन किट में आटा, दाल, तेल, चाय, शक्कर, गुड़, मिर्च-मसाले सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक सहायता प्रदान करना और उन्हें दैनिक जीवन की आवश्यकताओं में सहयोग देना है।

संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि इस सेवा अभियान को सफल बनाने में शहर के अनेक भामाशाहों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज के सहयोग से ही संस्था लगातार जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने में सफल हो रही है।

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर लाभार्थियों के लिए शीतल पेयजल और छाया की विशेष व्यवस्था की गई। व्यवस्थापक विजय नाथ और जेठूसिंह राजावत ने लाभार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए, जिससे वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न हो सकी।

संस्था अध्यक्ष डॉ. एम.एस. लोढ़ा ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सहयोग देने वाले भामाशाहों, संस्था के सदस्यों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी सामूहिक सहयोग से समाज के कमजोर वर्गों तक राहत पहुंचाई जा रही है।

राशन वितरण कार्यक्रम में सहकोषाध्यक्ष छगनलाल सालेचा, डॉ. जी.एन. अरोड़ा, डॉ. बंशीलाल शर्मा, कंवरलाल मंडोरा, केशर सिंह राजपुरोहित, ढलाराम जांगिड़, अनिल कुमार गुप्ता और अशोक कुमार गौड़ सहित कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस सेवा अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button