google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में योग का महाकुंभ: तीसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोगों ने सीखे स्वास्थ्य और संतुलन के गुर

पाली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर अब जनआंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है। शिविर के तीसरे दिन पाली शहर के विभिन्न योग केंद्रों पर बड़ी संख्या में योग साधकों की उपस्थिति रही। सुबह से ही शहर योगमय वातावरण में रंगा नजर आया, जहां युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

बांगड़ कॉलेज मैदान में आयोजित शिविर में भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्वयं योगाभ्यास कर प्रतिभागियों को प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने वाली संपूर्ण जीवनशैली है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

वहीं नेहरू उद्यान केंद्र पर समाजसेवी महेंद्र बोहरा ने योग साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित योग करने से शरीर मजबूत होने के साथ मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं से भी मुक्ति मिलती है। योग आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न होने वाली कई बीमारियों का प्रभावी समाधान है।

योग शिविर के तीसरे दिन प्रशिक्षकों ने साधकों को कई महत्वपूर्ण एवं उन्नत योगासन सिखाए। इनमें ताड़ासन, वीरभद्रासन, त्रिकोणासन, अर्धकटिचक्रासन, अर्ध चक्रासन, उत्तानासन, बद्ध कोणासन, भारद्वाजासन और भुजंगासन जैसे आसनों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने प्रत्येक आसन के स्वास्थ्य लाभ और सही तकनीक की भी विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य योग प्रशिक्षक मानवेंद्र सिंह, अजय शर्मा, डॉ. गोविंद नारायण अरोड़ा, डॉ. विजय और नरेंद्र माच्छर के निर्देशन में विशेष प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग की बारीकियां सिखाईं। साथ ही संदीप जैन, कोमल जैन, नितिन सिंघवी, रीना चंदानी, दीपा हेड़ा तथा पतंजलि योग समिति के विशेषज्ञों ने भी मार्गदर्शन प्रदान किया।

शिविर में केवल योगाभ्यास ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली पर भी विशेष जोर दिया गया। आरोग्य भारती के विशेषज्ञ डॉ. हजारीमल चौधरी एवं डॉ. अखिल व्यास ने “आहार और पोषण” विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि योग के साथ सात्विक और संतुलित भोजन अपनाना भी उतना ही आवश्यक है। सही खान-पान और नियमित योग से ही व्यक्ति पूर्ण रूप से निरोगी रह सकता है।

शहर के पांच प्रमुख केंद्रों—बांगड़ कॉलेज मैदान, नेहरू उद्यान, महादेव बगेची (राइको की ढाणी), टैगोर नगर एवं हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र—में लगातार बढ़ रही भागीदारी यह संकेत दे रही है कि योग के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा प्रतिदिन शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

अंतिम दो दिनों में और बढ़ेगी भागीदारी

क्रीड़ा भारती के जिला योग प्रमुख मुकेश बोहरा, सह प्रांत मंत्री अगरराम चौधरी तथा जिला अध्यक्ष लहरीदास वैष्णव के नेतृत्व में आयोजित यह शिविर 20 जून तक चलेगा। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button