google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सेवा शिविरों में मिल रहा समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान, 22 विभागों ने पहुंचाई योजनाएं गांव-गांव

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे सेवा शिविर-2026 आमजन के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनकर उभर रहे हैं। जिलेभर में आयोजित शिविरों में लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, वहीं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है।

गुरुवार को पाली जिले की कई ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पशुपालन, पेयजल और महिला कल्याण से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठाया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न विभागों ने मौके पर ही आवेदन निस्तारित कर लोगों को राहत प्रदान की।

रानी पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत धाणिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां एक ही छत के नीचे 22 विभागों ने अपनी सेवाएं उपलब्ध कराईं, जिससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली।

शिविर में राजस्व विभाग ने नामांतरण, सीमांकन, भूमि खाता शुद्धिकरण और प्रमाण पत्रों से जुड़े कार्य निपटाए। वहीं पशुपालन विभाग ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालकों को बीमा पॉलिसियां वितरित कीं। पंचायतीराज विभाग ने नए जॉब कार्ड, आधार सीडिंग, बैंक खाते और पट्टों से संबंधित कार्यों का निस्तारण किया।

इसके अलावा चिकित्सा विभाग ने स्वास्थ्य जांच एवं एनसीडी स्क्रीनिंग, महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाडो प्रोत्साहन योजना और कालीबाई भील महिला संबल उड़ान योजना की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने पेंशन और पालनहार योजनाओं से जुड़े मामलों का समाधान किया।

शिविर के दौरान धाणिया निवासी तारा कंवर को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसी जारी की गई। पॉलिसी प्राप्त करने के बाद उन्होंने खुशी जताते हुए राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के शिविरों से योजनाओं का लाभ अब सीधे गांव तक पहुंच रहा है।

गुरुवार को पाली, रोहट, सोजत, मारवाड़ जंक्शन, देसूरी, रानी, बाली और सुमेरपुर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए। प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में भी जिलेभर में शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, जहां आमजन की समस्याओं का समाधान और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि सेवा शिविरों का उद्देश्य लोगों को त्वरित राहत प्रदान करना, सरकारी सेवाओं को सरल बनाना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीणों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शा रही है कि ये शिविर प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम करने में प्रभावी साबित हो रहे हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button