पीएम श्री नवोदय विद्यालय जोजावर में गूंजा योग का संदेश, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

पाली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर (जिला पाली) में रविवार को उत्साह एवं उल्लास के साथ योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर योगमय वातावरण में नजर आया, जहां विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य डाल चन्द गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व एवं इसके शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी के साथ की गई। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ योग गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया गया। विद्यालय परिवार ने स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेते हुए योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वास्थ्य, सद्भाव और कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



