विश्व योग दिवस पर भारतीय जैन संघठना का विशेष आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

पाली : विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जैन संघठना, पाली की ओर से धनश्री साधना भवन में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। योग शिक्षक हंसराज खत्री के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक हंसराज खत्री ने उपस्थितजनों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की एक प्रभावी जीवनशैली है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव, चिंता और गुस्से जैसी समस्याओं पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है। योग हर आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी है और इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर भारतीय जैन संघठना की अध्यक्ष उषा अखावत, प्रकाशचंद संकलेचा, राजुभाई मेड़तिया एवं मूलचंद संकलेचा ने योग गुरु हंसराज खत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
योग शिविर में महिला एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने नियमित योग करने तथा योग के महत्व को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।



