google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

अग्रवाल समाज ने सामाजिक सुधार की दिशा में उठाया बड़ा कदम, मृत्यु भोज, आतिशबाजी और बैचलर पार्टी पर लगाया प्रतिबंध

पाली : श्री अग्रवाल पंचायत पाली की वार्षिक आमसभा रविवार को स्थानीय अग्रसेन वाटिका के वृंदावन परिसर में आयोजित हुई। सभा में समाज के प्रबुद्धजन, वरिष्ठ सदस्य, महिला एवं युवा प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर समाज के विकास, सामाजिक सुधार और विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव एवं विचार रखे। आमसभा में सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने और समाज को नई दिशा देने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए।

सभा के दौरान श्री अग्रवाल मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल एवं महिला मंडल की सचिव जोली गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने समाज हित से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए। पंचायत की कार्यकारिणी ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया।

श्री अग्रवाल पंचायत पाली के अध्यक्ष सुनील गुप्ता, कमल किशोर गोयल एवं सुनील पोद्दार ने बताया कि समाज में सादगी और सामाजिक सुधार को बढ़ावा देने के लिए अब विवाह एवं अन्य शुभ समारोहों में भोजन की अधिकतम 21 आइटम ही परोसी जाएंगी। इसके साथ ही समाज में मृत्यु भोज पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।

आमसभा में यह भी तय किया गया कि किसी भी सामाजिक समारोह में लेडीज वेटर अथवा विदेशी महिला वेटर नहीं रखी जाएंगी। वहीं ब्यूटी पार्लर, कोरियोग्राफी एवं मेहंदी जैसे कार्यों के लिए केवल महिला कर्मियों को ही प्राथमिकता दी जाएगी।

समाज ने पर्यावरण संरक्षण और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाते हुए समारोहों में आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा प्री-वेडिंग शूट और बेबी शॉवर शूटिंग जैसी आधुनिक परंपराओं पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में समाज के आर्थिक रूप से कमजोर, शिक्षा एवं चिकित्सा सहायता की जरूरत वाले परिवारों के उत्थान के लिए विशेष योजनाएं बनाने और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। वहीं बैचलर पार्टी जैसी परंपराओं पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

इसके अलावा अग्रसेन वाटिका में स्थित पुरानी मधुबन एवं उत्सव बिल्डिंग के पूर्ण नवीनीकरण का निर्णय भी लिया गया, ताकि समाज को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

आमसभा में सुरेश चंद्र गुप्ता, मदन मोहन गुप्ता, पंचायत सचिव सूरज प्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष नीलम बंसल, उपाध्यक्ष सत्येंद्र तायल, कैलाश गुप्ता, अशोक अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, जुगल बंसल, कमल किशोर गोयल सहित श्री अग्रवाल मंडल और महिला मंडल की समस्त कार्यकारिणी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button