google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, मोहर्रम सहित आगामी त्योहारों को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने पर जोर

पाली : आगामी दिनों में आने वाले विभिन्न धार्मिक पर्व, त्योहारों और आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर पाली के निर्देशानुसार सोमवार को आयोजित शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और समिति सदस्यों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव साझा किए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने कहा कि पाली जिले की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की रही है। आगामी मोहर्रम सहित सभी धार्मिक आयोजनों को परंपरागत शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग के साथ मनाने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में मोहर्रम के जुलूस मार्ग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़कों की स्थिति, बिजली के झूलते तारों, नालियों एवं नालों की सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। एडीएम ने संबंधित विभागों को सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय सिंह ने मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस विभाग की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखते हुए मोहर्रम रूट, सड़कों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था और साफ-सफाई से जुड़े मुद्दे उठाए। साथ ही समिति सदस्यों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए जिले में शांति और सद्भाव बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में एडीएम सीलिंग ओम प्रभा, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पीडब्ल्यूडी, जलदाय विभाग सहित शांति समिति के सदस्य पूर्व उपसभापति मूल सिंह भाटी, ललित प्रितमानी, दिलीप ओड, मोहम्मद सलीम, शम्भूलाल शर्मा, सज्जनराज धारोलिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button