पाली में वरिष्ठ नागरिकों की चिंता, ‘पर्यावरण भी बचे, फैक्ट्रियां भी चलें’, सरकार से रोजगार बचाने की अपील

पाली : उद्योगों पर बढ़ती सख्ती और फैक्ट्रियों के बंद होने की स्थिति को लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। मंगलवार को करण सिंह चाली स्थित सभागार में आयोजित वरिष्ठ नागरिक समिति की बैठक में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रोजगार के अधिकतम अवसर बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता डॉ. रामलाल मोहबारशा ने की। समिति के महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने बताया कि बैठक में उपस्थित वरिष्ठजनों ने पर्यावरण प्रदूषण और औद्योगिक इकाइयों के बंद होने से उत्पन्न हालात पर विस्तार से चर्चा की। सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है, लेकिन इसके साथ-साथ हजारों श्रमिकों के रोजगार को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पाली की अनेक फैक्ट्रियों के बंद होने से हजारों श्रमिक बेरोजगार हो चुके हैं, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों के बुजुर्ग माता-पिता, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने आजीविका का संकट गहरा रहा है। ऐसे में सरकार को पर्यावरणीय नियमों की सख्ती के साथ-साथ रोजगार बचाने और नए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
वरिष्ठ नागरिक समिति ने राज्य और केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि ऐसी नीतियां बनाई जाएं, जिनसे एक ओर पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित हो और दूसरी ओर औद्योगिक गतिविधियां भी सुचारू रूप से संचालित होती रहें, ताकि आम श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न न हो।

बैठक में अन्य सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। समिति के सचिव दिनेश दवे ने वरिष्ठ नागरिकों को मेडिकल क्लेम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए सीनियर सिटीजन के हितों से संबंधित पांच महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी साझा की।
बैठक में एल.पी.आर. मेहता, दिनेश दवे, लूण सिंह राठौड़, गौतमचंद यति, रामजीवन तापड़िया, कमलकुमार शर्मा, ताराचंद जैन, सुवालाल पेड़ीवाल, ओटाराम सोलंकी, विष्णुकुमार गोयल, हिम्मताराम फुलवारी, सुरेशकुमार जालोरा, गणेशाराम परमार, चिमनलाल वर्मा, भूपेश नारायण शर्मा, सुनील कुमार टाक, घीसालाल अणकियां, श्रवण कुमार तंवर, चैनसिंह खींची, माणकचंद तंवर, धनसिंह बड़गूजर, सुमेरसिंह चावड़ा सहित कई वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। अंत में महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने सभी आगंतुक सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।



