google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में पहली बार होगा पूर्व छात्राओं का महासंगम, दशकों बाद एक मंच पर मिलेंगी स्कूल की सहेलियां

पाली शहर की बेटियों के लिए 26 जून का दिन भावनाओं, यादों और अपनत्व से भरा ऐतिहासिक अवसर बनने जा रहा है। शहर की प्रतिष्ठित सेठ मुकनचंद बालिया बालिका उच्च विद्यालय की पूर्व छात्राओं का भव्य “स्नेह मिलन समारोह” आगामी 26 जून को रोटरी भवन में आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि पाली के इतिहास में पहली बार विद्यालय की इतनी बड़ी संख्या में पूर्व छात्राएं एक साथ एक मंच पर जुटेंगी।

स्कूल की गलियारों में कभी साथ पढ़ने और सपने संजोने वाली सहेलियां, जिन्होंने जीवन के कई पड़ाव पार करते हुए आज दादी-नानी तक का सफर तय कर लिया है, अब वर्षों बाद फिर से आमने-सामने होंगी। यह मिलन समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बचपन की यादों, दोस्ती, संस्कारों और भावनात्मक रिश्तों को फिर से जीवंत करने का अवसर बनेगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में मनोरंजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मजेदार गेम्स, प्रोफेशनल फोटोग्राफी के साथ स्वादिष्ट नाश्ता, लंच, हाई-टी और डिनर की विशेष व्यवस्था की गई है। समारोह में पूर्व छात्राएं अपने छात्र जीवन की यादों को साझा करेंगी और वर्षों पुरानी मित्रता को एक नई ऊर्जा देंगी।

आयोजिका कमला पंच भंडारी, चंद्रा नाहटा मुथा और रेखा काष्टिया कटारिया ने बताया कि यह आयोजन केवल पूर्व छात्राओं का पुनर्मिलन नहीं, बल्कि विद्यालय के गौरवशाली इतिहास और उससे जुड़े संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा।

पाली की शैक्षणिक पहचान माने जाने वाले इस विद्यालय ने वर्षों से हजारों छात्राओं को शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास प्रदान किया है। ऐसे में यह स्नेह मिलन समारोह शहर की सामाजिक और शैक्षणिक विरासत को नई पहचान देने वाला ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button