ग्रामीण सेवा शिविर बने ग्रामीणों की उम्मीदों का केंद्र, 22 विभागों ने एक ही छत के नीचे दी राहत

पाली, 23 जून। राज्य सरकार की पहल पर जिलेभर में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीणों के लिए राहत और समाधान का बड़ा माध्यम बनते जा रहे हैं। मंगलवार को रानी स्टेशन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सालरिया में आयोजित शिविर में 22 विभागों ने भाग लेकर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया।
शिविर में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने जॉब कार्ड सत्यापन, ई-केवाईसी, पट्टा वितरण तथा जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र जारी किए। वहीं राजस्व विभाग ने नामांतरण, सीमाज्ञान, भूमि खातों के शुद्धिकरण, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों का निस्तारण किया।

पशुपालन विभाग की ओर से मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालकों को बीमा पॉलिसियां जारी की गईं, जबकि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों की एनसीडी स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जांच के साथ गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने शिविर में लाडो प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।

शिविर में उपखंड अधिकारी शिवा जोशी, नारायण सिंह राजपुरोहित, नायब तहसीलदार मदन सिंह राजपुरोहित, प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत सालरिया के प्रशासक फतेह सिंह कुम्पावत, ग्राम विकास अधिकारी तेजपाल सिंह, कनिष्ठ सहायक दिलीप आगरी, पटवारी असलम खान, एएनएम अनिता राणावत तथा एलएसआई नंदिनी पाराशर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 24 जून को पाली उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत गिरदड़ा, रोहट के जीतड़ा, सोजत के खोड़िया व रायरा कला, मारवाड़ जंक्शन के कराड़ी व बाड़सा, देसूरी के सुमेर, रानी के बूसी व निंबाड़ा, बाली के पूरण व मिर्गेश्वर तथा सुमेरपुर के कोसेलाव में शिविर आयोजित होंगे।

इसी प्रकार 25 जून को वड़ेरावास, दीवांदी, सांडिया, चंडावल नगर, शेखावास, मांडा, मोरखा, देवली पाबूजी, कोयलवाव, भंदर एवं खिवांदी में ग्रामीण सेवा शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 26 जून को मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र की ग्राम पंचायत बांता और बिठाड़ा कलां में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासन का कहना है कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ घर के नजदीक उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।




