google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliखेलदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

विश्व ओलंपिक दिवस पर पाली में खिलाड़ियों का सम्मान, खेल के साथ सामाजिक सरोकारों का भी दिया संदेश

पाली : विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर पाली जिला ओलंपिक संघ के तत्वावधान में सोमवार को रोटरी क्लब, पाली में भव्य सम्मान समारोह एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न खेल संघों से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रबंधकों का सम्मान कर खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पाली जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महिपाल सिंह निंबाड़ा ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपखंड अधिकारी विमलेश सिंह राणावत, समाजसेवी नरेंद्र माछर, उगम सिंह चौहान, डिस्ट्रिक्ट क्लब के डायरेक्टर शेर सिंह, रोटरी क्लब पाली के अध्यक्ष दिनेशचंद मेहता, सचिव वर्धमान भंडारी, सह सचिव धर्मेंद्र मुणोत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान जिले की विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े 50 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं प्रबंधकों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े प्रतिभागियों ने इसे प्रेरणादायक पहल बताते हुए जिला ओलंपिक संघ का आभार जताया।

पाली जिला ओलंपिक संघ के सचिव राजेश पाटनेचा एवं मीडिया प्रभारी उपाध्यक्ष मांगूसिंह दुदावत ने बताया कि विश्व ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में खेल गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसके तहत हिंदू सेवा मंडल में कुष्ठ रोगियों को फल एवं बिस्किट वितरित किए गए, पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपखंड अधिकारी विमलेश सिंह राणावत ने कहा कि खेल स्वस्थ जीवन का आधार हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिपाल सिंह निंबाड़ा ने जिले में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में जिला ओलंपिक संघ द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष वासुदेव शर्मा, बहादुर सिंह राठौड़, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण सिंह पुनाडिया, गिरधारी लाल सैन, हेमशंकर शर्मा, पियुष दिनकर, दिनेश पंवार, सोनू राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समारोह के अंत में सभी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं अतिथियों ने खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन सचिव राजेश पाटनेचा ने किया तथा रोटरी क्लब पाली के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button