शहरी सेवा शिविर बना आमजन के लिए राहत का केंद्र, रानी खुर्द में मिनटों में जारी हुआ जन्म प्रमाण-पत्र

पाली : राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन के लिए राहत और सुविधा का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है।
इसी क्रम में जिले की नगर पालिका रानी खुर्द क्षेत्र में आयोजित शहरी सेवा शिविर में एक बार फिर त्वरित सेवाओं का उदाहरण देखने को मिला। बेरा सोलंकियान, ढालोप निवासी हजारीमल ने बुधवार को जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में उनका डिजिटल जन्म प्रमाण-पत्र जारी कर दिया।
शिविर में विवाह, जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र जैसी आवश्यक सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल रही है। हजारीमल को आवेदन के दौरान ही प्रमाण-पत्र सौंप दिया गया, जिससे उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि इस व्यवस्था से समय और श्रम दोनों की बचत हुई है।
हजारीमल ने शहरी सेवा शिविर की सराहना करते हुए राज्य सरकार, नगर पालिका रानी खुर्द, जिला सांख्यिकी विभाग पाली एवं ब्लॉक सांख्यिकी विभाग रानी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जनहितकारी पहल से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिल रही है।
राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को त्वरित, पारदर्शी और सरल प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है, जो अब धरातल पर भी सफल होता दिखाई दे रहा है।



