google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ग्रामीण सेवा शिविर बना ग्रामीणों के लिए राहत का केंद्र, वर्षों से लंबित पट्टे की समस्या का मौके पर हुआ समाधान

पाली। राज्य सरकार की पहल पर जिलेभर में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीणों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनते जा रहे हैं। इन शिविरों में आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है।

इसी कड़ी में बुधवार को पाली जिले की ग्राम पंचायत गिरादड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक लंबे समय से लंबित प्रकरण का समाधान कर प्रशासन ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही का उदाहरण पेश किया।

ग्राम गिरादड़ा खालसा निवासी खीमाराम पुत्र मिश्राराम देवासी अपनी समस्या लेकर शिविर में पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके पास पुश्तैनी भूखंड होने के बावजूद वे लंबे समय से पट्टा बनवाने के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे थे, लेकिन उचित मार्गदर्शन और प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उनका कार्य अटका हुआ था।

शिविर के दौरान खीमाराम ने अपना आवेदन शिविर प्रभारी एवं ग्राम पंचायत गिरादड़ा के अतिरिक्त विकास अधिकारी मनोज कुमार भाटी के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और मौके पर ही प्रार्थी को पट्टा जारी कर दिया।

वर्षों से लंबित समस्या का समाधान होते ही खीमाराम के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। उन्होंने राज्य सरकार, प्रशासन तथा शिविर में मौजूद अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं।

शिविर के दौरान तहसीलदार पाली एवं नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया।

प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।

ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार गांव-गांव तक प्रशासन पहुंचाने और आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button