google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में सो रहे बुजुर्ग दंपती पर रात में पत्थरबाजी, महिला के सिर पर आए 9 टांके, अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

पाली : जिले के देसूरी थाना क्षेत्र के ढालोप गांव में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। घर के बाहर खुले में सो रहे एक बुजुर्ग दंपती पर अज्ञात लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। इस हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके सिर में गहरी चोट आने पर चिकित्सकों को 9 टांके लगाने पड़े। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब 2 बजे की है। ढालोप निवासी सागरसिंह ने देसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि गर्मी अधिक होने के कारण उनके माता-पिता दरिया कंवर (60) और घीसू सिंह (63) घर के बाहर खुले में चारपाई पर सो रहे थे, जबकि वह स्वयं अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मकान की छत पर सो रहे थे।

रात करीब दो बजे अचानक माता-पिता की चीख-पुकार सुनाई दी। आवाज सुनकर जब परिजन नीचे पहुंचे तो देखा कि दरिया कंवर के सिर से खून बह रहा था और चारपाई के आसपास कई पत्थर पड़े हुए थे। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में बुजुर्ग दंपती पर पत्थर फेंके, जिससे दरिया कंवर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए नाडोल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर पर लगे गहरे घाव का उपचार करते हुए 9 टांके लगाए।

घटना की सूचना मिलने पर देसूरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर रात के अंधेरे में बुजुर्ग दंपती पर हमला करने वाले लोग कौन थे और घटना के पीछे क्या कारण था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button