वेस्ट जोन स्ट्रेंथ लिफ्टिंग में पाली का दमदार प्रदर्शन, गिरीश ने जीता गोल्ड तो राहुल ने दिलाया ब्रॉन्ज

पाली : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आयोजित वेस्ट जोन स्ट्रेंथ लिफ्टिंग प्रतियोगिता में पाली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। 19 से 21 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिले के दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
जिला स्ट्रेंथ लिफ्टिंग संघ के सचिव मांगूसिंह दुदावत ने बताया कि प्रतियोगिता में पाली के खिलाड़ी गिरीश रल एवं राहुल बारेसा ने राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व किया। कड़े मुकाबलों के बीच गिरीश रल ने स्ट्रेंथ लिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं राहुल बारेसा ने बेंच प्रेस प्रतियोगिता के अपने भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि के बाद दोनों खिलाड़ी जब पाली पहुंचे तो खेल प्रेमियों, पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। खिलाड़ियों की इस सफलता पर पूरे खेल जगत में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर श्यामलाल बारेसा, जसराज आदिवाल, कपिल बारेसा, समाजसेवी घोसी रफीक चौहान, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महिपाल सिंह निंबाड़ा, सचिव राजेश पाटनेचा, वासुदेव शर्मा, बहादुर सिंह राठौड़, सत्यनारायण सिंह पुनाडिया, हेमराज शर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदाधिकारियों ने कहा कि गिरीश और राहुल की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



