ग्रामीण सेवा शिविरों में मिल रहा योजनाओं का लाभ, देवली पाबूजी के धन्नाराम की वृद्धावस्था पेंशन हुई स्वीकृत

पाली : राज्य सरकार के निर्देशानुसार पाली जिले में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। साथ ही आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को रानी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत देवली पाबूजी में आयोजित शिविर में एक पात्र वृद्धजन को सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिलाया गया। ग्राम पंचायत देवली पाबूजी निवासी धन्नाराम शिविर में पहुंचे, जहां उन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना की जानकारी दी गई।

योजना की जानकारी मिलने के बाद धन्नाराम ने पेंशन के लिए आवेदन किया। शिविर में मौजूद अधिकारियों एवं कार्मिकों ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर सभी औपचारिकताएं पूरी कीं और प्रकरण को स्वीकृति के लिए अग्रेषित किया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद उनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कर दी गई।
उपखंड अधिकारी रानी शिवा जोशी ने धन्नाराम को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपा। पेंशन स्वीकृत होने पर धन्नाराम ने खुशी जाहिर करते हुए राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगातार सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।




