google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सनातन संस्कृति लोककल्याण की भावना से जुड़ी है : राज्यपाल हरिभाऊ बागडे

सादड़ी में शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में बोले राज्यपाल, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण पर दिया जोर

पाली : राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि सनातन संस्कृति केवल व्यक्तिगत हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण लोककल्याण की भावना से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का अर्थ ही “सर्व कल्याण” है, इसलिए शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा जैसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज को समग्र कल्याण और मानवता की सेवा का संकल्प लेना चाहिए।

राज्यपाल गुरुवार को पाली जिले के सादड़ी में अखिल भारतवर्षीय धर्मसंघ एवं स्वामी करपात्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित श्री नागेश्वर महादेव, श्री शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, 12 ज्योतिर्लिंग महिमा एवं 21 कुण्डीय विलक्षण महारुद्र महायज्ञ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध संस्कृति है। राजस्थान को शक्ति और भक्ति की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां वीरता के साथ आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में भगवान शिव को “आदि योगी” बताते हुए उनकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सिंधु घाटी सभ्यता और मोहनजोदड़ो में प्राप्त पुरातात्विक साक्ष्यों का उल्लेख करते हुए वर्तमान भारतीय सनातन संस्कृति की प्राचीनता और गौरवशाली परंपरा को रेखांकित किया।

उन्होंने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने श्री नागेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए तथा संत-महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने यज्ञशाला का अवलोकन किया और रुद्राक्ष से निर्मित शिवलिंग के दर्शन भी किए। इस दौरान राज्यपाल ने गौसेवा करते हुए गायों को लापसी एवं चारा खिलाया तथा घोड़ों को भी आहार कराया।

इस अवसर पर बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button