निर्जला एकादशी पर प्रशासन की अनूठी पहल, कलेक्ट्रेट परिसर में राहगीरों को पिलाई छाछ

पाली : निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर पाली प्रशासन की ओर से मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया। पाली उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत की प्रेरणा से गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आमजन एवं राहगीरों के लिए छाछ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भीषण गर्मी के बीच कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले लोगों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा कार्य में कार्यालय के कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले आमजन, फरियादियों और राहगीरों को शीतल छाछ पिलाकर सेवा भावना का परिचय दिया गया।
प्रशासन की इस पहल को आमजन ने सराहा और इसे मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार के सेवा कार्य न केवल लोगों को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, सवाई सिंह राजपुरोहित, बबलू काठात, मान सिंह, पुखराज प्रजापत, रमेश कुमार अणकिया, सुरेश व्यास, राजेश कुमार सैन, पारस प्रजापत, लोकेश कुमार दवे, अनिता पारीक सहित कई कार्मिक एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित इस सेवा कार्य ने प्रशासन की जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को एक बार फिर उजागर किया।



