ग्रामीण सेवा शिविर बना राहत का केंद्र, वडेरावास में मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान

पाली : राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनते जा रहे हैं। गुरुवार को ग्राम पंचायत वडेरावास में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर उन्हें त्वरित राहत प्रदान की।
उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि शिविर में ई-पोर्टल के माध्यम से नामांतरण, आपसी सहमति से भूमि विभाजन, राजस्व अभिलेखों एवं खातों का शुद्धिकरण, जाति, मूल निवास एवं हैसियत प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन एवं आरक्षण के प्रस्तावों पर भी कार्रवाई की गई।
शिविर के दौरान आवासहीन एवं पात्र परिवारों को पट्टों का वितरण भी किया गया, जिससे लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। कई ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से लंबित कार्यों के लिए उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन शिविर में उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान विकास अधिकारी भगवान सिंह राठौड़, प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, भंवर चौधरी, नायब तहसीलदार बाबूलाल चौहान, भरतसिंह राणावत, विक्रमसिंह, नरेश चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी नितिन एवं सतीश, अतिरिक्त विकास अधिकारी मनोज भाटी, पीईईओ हरीश व्यास, डॉ. हरीश चंद्र, गायत्री व्यास, ममता राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार की मंशा है कि आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध हो सके तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।



