40 साल का इंतजार हुआ खत्म, ग्रामीण सेवा शिविर में मांगूसिंह को मिला मकान का पट्टा

पाली : राज्य सरकार की पहल पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और उम्मीद का केंद्र बनते जा रहे हैं। शुक्रवार को पंचायत समिति मारवाड़ जंक्शन की ग्राम पंचायत बांता में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ने एक परिवार के चार दशक पुराने इंतजार को समाप्त कर दिया।
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत बांता निवासी मांगू सिंह पुत्र भोमसिंह को उनके पैतृक मकान का वैध पट्टा सौंपा गया। करीब 40 वर्षों से अपने मकान के स्वामित्व अधिकार के लिए प्रयासरत मांगू सिंह ने बताया कि विभिन्न स्तरों पर प्रयास करने के बावजूद उन्हें अब तक मालिकाना हक नहीं मिल पाया था। लेकिन ग्रामीण सेवा शिविर में उनकी समस्या का त्वरित समाधान करते हुए प्रशासन ने मौके पर ही मकान का पट्टा जारी कर दिया।

मकान का वैध पट्टा प्राप्त होने पर मांगू सिंह और उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने कहा कि अब मालिकाना हक मिलने के बाद वे बैंक से ऋण लेकर नया व्यवसाय शुरू कर सकेंगे, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
मांगू सिंह ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरे हैं।

शुक्रवार को मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र की ग्राम पंचायत बांता और बिठोड़ा कलां में सेवा शिविर आयोजित किए गए। प्रशासन के अनुसार सोमवार, 29 जून को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन की अवधारणा को मजबूत किया जा रहा है और आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराया जा रहा है।



