“ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा” का आगाज, पाली और बाली में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, जिले को ‘नो ड्रग्स जोन’ बनाने का संकल्प

पाली। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के खिलाफ बड़ी मुहिम छेड़ते हुए जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) दिनेश एम.एन. और एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार के विशेष निर्देशों पर शुक्रवार को पाली के अर्जुन नशा मुक्ति केंद्र तथा बाली स्थित ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में “ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा” अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान का उद्देश्य जिले के विभिन्न क्षेत्रों को “नो ड्रग्स जोन” के रूप में विकसित कर पूर्णतः ड्रग्स फ्री वातावरण तैयार करना है। इस दौरान एएनटीएफ की टीम ने नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाले सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्रीय नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए युवाओं और आमजन को जागरूक किया।

कार्यक्रम में एएनटीएफ पाली के उप निरीक्षक सूरजभान सिंह, हेड कांस्टेबल वागाराम एवं अन्य स्टाफ ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नशे के खिलाफ इस अभियान का हिस्सा बने।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल एएनटीएफ को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के जाल से बचाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान संस्थानों में शिकायत पेटी भी स्थापित की गई तथा शिक्षकों, प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों को इस मुहिम से जोड़ते हुए स्वयंसेवक बनने की सहमति ली गई। सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि नशा मुक्ति अभियान को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाकर जिले को पूर्णतः नशामुक्त बनाया जाएगा।



