google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में महिला सुरक्षा का अलख, 90 आशा सहयोगिनियों और नर्सिंग छात्राओं को किया जागरूक, 17 मोबाइल में डाउनलोड कराया राजकोप ऐप

पाली : महिला सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियान के तहत पाली पुलिस ने शनिवार को वागड़ हॉस्पिटल परिसर में आयोजित पल्स पोलियो रैली के दौरान विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एंटी रोमियो स्क्वॉड एवं कालिका पेट्रोलिंग टीम ने आशा सहयोगिनियों और नर्सिंग छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, आत्मरक्षा एवं हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक पाली के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वॉड 1090 की हेड कांस्टेबल पार्वती देवी तथा कालिका पेट्रोलिंग टीम की हेड कांस्टेबल राधा, भजना, संगीता एवं इमरती ने रैली में शामिल विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों की आशा सहयोगिनियों एवं नर्सिंग छात्राओं को ऑपरेशन जागृति और राजकोप सिटीजन ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान 17 प्रतिभागियों के मोबाइल फोन में राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया गया, जबकि करीब 90 महिलाओं एवं छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया गया।

इस अवसर पर गरिमा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने गुड टच और बैड टच की जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का भी संदेश दिया।

साथ ही प्रतिभागियों को यातायात नियमों की पालना, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं को आत्मरक्षा के सरल एवं प्रभावी तरीके भी सिखाए गए, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपनी सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने सभी प्रतिभागियों से महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के प्रति सजग रहकर समाज में जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button