पाली में कल गूंजेगा प्रतिभाओं का मंच, ‘राजस्थान गॉट टैलेंट-2’ का पहला ऑडिशन, विजेता को मिलेंगे 21 हजार रुपए

पाली : राजस्थान की छिपी हुई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित “Rajasthan Got Talent – Season 2” का पहला ऑडिशन रविवार, 28 जून को पाली शहर के नाकोड़ा फूड विला में आयोजित होगा। इस मेगा टैलेंट शो को लेकर युवाओं, कलाकारों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के ऑडिशन में शामिल होने की संभावना है।
आयोजक गजेन्द्र ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य गांव-ढाणी से लेकर शहरों तक छिपी प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि संसाधनों और अवसरों के अभाव में पीछे रह जाने वाले कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर नई पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगी।
प्रतियोगिता में डांस, सिंगिंग, एक्टिंग, मॉडलिंग, फैशन शो, मिमिक्री, वादन, लोक कला, कॉमेडी सहित सभी प्रकार की कलात्मक प्रतिभाओं का स्वागत किया जाएगा। विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकेंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 51 हजार रुपए के आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं, जबकि प्रथम विजेता को 21 हजार रुपए नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही चयनित प्रतिभाओं को आगामी चरणों में प्रदेश स्तरीय मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर भी मिलेगा।
पाली के बाद जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा, बालोतरा, भीलवाड़ा, सुमेरपुर और बाड़मेर सहित राजस्थान के कई शहरों में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाओं तक यह मंच पहुंच सके।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी आयोजन समिति द्वारा जारी क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं तथा अपना टैलेंट वीडियो भी भेज सकते हैं। आयोजन समिति ने युवाओं और अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में इस जानकारी को साझा करने की अपील की है।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में कमलेश सोनी, धर्मेश दलराज, शैलीन श्रीमाली, रेखा सोलंकी, इलियास, सुमित, यश एवं मयंक अग्रवाल सहित कई युवा कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम विवरण
कार्यक्रम: Rajasthan Got Talent – Season 2 (प्रथम ऑडिशन)
तिथि: 28 जून 2026 (रविवार)
स्थान: नाकोड़ा फूड विला, पाली
प्रतियोगिता: डांस, सिंगिंग, एक्टिंग, मॉडलिंग, फैशन शो एवं अन्य कला प्रदर्शन



