73 छात्राओं ने लिया आत्मनिर्भरता का संकल्प, सिलाई प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन, प्रतिभागियों का हुआ सम्मान

पाली : भारत विकास परिषद मुख्य शाखा एवं नूतन पहल संगठन, पाली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सिलाई प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सेवा कार्यों के महत्व पर जोर देते हुए प्रशिक्षार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने कहा कि भारत विकास परिषद और सेवा भारती द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं को सिलाई प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ना एक सराहनीय एवं समाजहित का कार्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.डी. शर्मा ने कहा कि संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश ने देश सेवा को एक नई दिशा प्रदान करते हुए “सम्पर्क से सहयोग, सहयोग से संस्कार, संस्कार से सेवा और सेवा से समर्पण” का मार्ग दिखाया है। उनके आदर्श आज भी समाजसेवा के क्षेत्र में प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।
शाखा अध्यक्षा नूतनबाला कपिला ने महिलाओं एवं छात्राओं से निरंतर प्रयास करते हुए जीवन की कठिन राहों पर आगे बढ़ने और विकास के पथ पर निरंतर चलते रहने का आह्वान किया। वहीं डॉ. सूरज प्रकाश के जीवन मूल्यों को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सेवा कार्यों में निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि आशा और समर्पण के साथ कार्य करते रहना चाहिए।
जिला समन्वयक जगदीश झंवर ने सभी प्रशिक्षार्थियों को सेवा कार्यों के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई। शाखा सचिव जयशंकर त्रिवेदी ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक एवं कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य विनीता कोका ने छात्राओं को जीवन में निरंतर प्रगति करने तथा कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाली 73 छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सेवा प्रभारी इंदू शर्मा, पुष्पा परिहार, सद्बुद्धि समदड़िया, सुधा सीरवी, हीना राजपुरोहित, पिंकी, सुरेश वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र जैन ने किया।



