उत्तर पश्चिम रेलवे ने संवारा ज्ञानोदय स्कूल, स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक लैब का हुआ लोकार्पण

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे ने शिक्षा और सामाजिक दायित्व के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डी.एस. कॉलोनी स्थित ज्ञानोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल के व्यापक नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्य का शनिवार को भव्य लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विद्यालय अब विद्यार्थियों को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा।
नवीनीकृत विद्यालय का उद्घाटन उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने किया। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती अंजु विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक जोधपुर अनुराग त्रिपाठी एवं उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, जोधपुर मंडल की अध्यक्षा श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी ने की।
विद्यालय के आधुनिकीकरण के तहत अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक पुस्तकालय और आकर्षक शैक्षणिक वातावरण विकसित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। समारोह के दौरान अतिथियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद भी किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं नवीनीकरण कार्यों की जानकारी दी। अपने संबोधन में श्रीमती अंजु ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती है तथा बच्चों को आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय के विकास में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, जोधपुर मंडल को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्य अतिथि महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यालय के नवीनीकरण और उद्घाटन समारोह के सफल आयोजन के लिए रेलवे टीम की प्रशंसा करते हुए आयोजन एवं निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को 50 हजार रुपए के विशेष नकद पुरस्कार की घोषणा की।
समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए कक्षा-वार प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के नवीनीकरण कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रेलवे अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य मुख्य अभियंता (निर्माण) इन्द्रजीत दिहाना, अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम, वरिष्ठ मंडल अभियंता मनोहर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता महेन्द्र कुमार, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अशोक चौधरी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे कर्मचारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने किया, जबकि अंत में विद्यालय प्रभारी एवं महिला कल्याण संगठन की सदस्य कंचन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।



