जोधपुर रेल कार्यशाला में आधुनिकीकरण की नई छलांग, महाप्रबंधक अमिताभ ने किया अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे की जोधपुर रेल कार्यशाला ने आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए शनिवार को कई नई सुविधाओं का शुभारंभ किया। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने कार्यशाला का दौरा कर यहां नवनिर्मित हेरिटेज रूम, 80 टन क्षमता के अत्याधुनिक ट्रेवरसर तथा आर.ओ. प्लांट का लोकार्पण किया।
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने कार्यशाला में चल रहे विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों का अवलोकन किया और कार्यशाला की कार्य संस्कृति, तकनीकी दक्षता तथा नवाचारों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने जोधपुर रेल कार्यशाला को उत्तर पश्चिम रेलवे की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और संसाधनों के समावेश से कार्यकुशलता, संरक्षा और गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि होगी।

महाप्रबंधक के कार्यशाला पहुंचने पर प्रशासनिक कार्यालय में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार तिलक लगाकर एवं साफा पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीना ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाप्रबंधक अमिताभ, मुख्य कारखाना इंजीनियर इंद्रजीत दिहाना तथा मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी को पॉट प्लांट भेंट कर अभिनंदन किया।
महाप्रबंधक ने कार्यशाला परिसर में स्थापित ऐतिहासिक धरोहर कक्ष (हेरिटेज रूम) का अवलोकन किया, जहां रेलवे के गौरवशाली इतिहास और विरासत को सहेजा गया है। इसके साथ ही उन्होंने 80 टन क्षमता वाले अत्याधुनिक ट्रेवरसर और कर्मचारियों के लिए स्थापित आरओ प्लांट का उद्घाटन भी किया।

कार्यक्रम के समापन पर बीटीसी सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी गुणवत्ता, नवाचार और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यशाला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. सुनीता चौधरी, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विनोद मीणा, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर राजेंद्र प्रसाद मीना, उप मुख्य भंडार प्रबंधक रवि कुमार, सहायक कार्य प्रबंधक धनराज सहित कार्यशाला के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीना ने महाप्रबंधक एवं उनके साथ आए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। दौरे के समापन पर कार्यशाला के मुख्य द्वार तक पुष्प वर्षा के साथ महाप्रबंधक को भावभीनी एवं गरिमामयी विदाई दी गई।




