पाली नगर निगम ने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बढ़ाया कदम, एसआई और जमादारों को दिया विशेष प्रशिक्षण

पाली : नगर निगम पाली द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार को निगम के मीटिंग हॉल में स्वच्छता निरीक्षकों (एसआई) एवं जमादारों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर निगम के सभी संबंधित स्वच्छता निरीक्षकों एवं जमादारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण में विशेष रूप से गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (जीवीपी), रेजिडेंशियल वेस्ट (आरडब्ल्यू), बल्क वेस्ट (बीडब्ल्यू) प्रबंधन तथा सफाई मित्रों के कार्य एवं दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही नगर में कचरा संग्रहण व्यवस्था को व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ शहर की परिकल्पना को साकार करने के लिए कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण, समय पर संग्रहण तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण में कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन, आवश्यक सावधानियां बरतने तथा सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता प्रबंधन को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाना रहा।
नगर निगम प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पाली को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के अभियान को नई गति प्राप्त होगी।



