पाली में पल्स पोलियो अभियान की जोरदार शुरुआत, पहले दिन 1.89 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई गई ‘दो बूंद जिंदगी की’

पाली : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को पाली जिले में अभियान का सफल शुभारंभ हुआ। जिलेभर में स्थापित 1161 पोलियो बूथों पर पहले ही दिन 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 89 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा की ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई गई।
अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ पाली शहर स्थित राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हाउसिंग बोर्ड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत एवं डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो रोधी खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की थीं, जिसके सकारात्मक परिणाम पहले दिन देखने को मिले।

अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई बच्चा पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाया है, तो 29 एवं 30 जून को घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अवश्य सहयोग करें, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए।
आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि जिले के सभी 1161 पोलियो बूथों पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य सहयोगी विभागों के कार्मिकों ने अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने बताया कि अभियान के अगले दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर सर्वे कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे पोलियो उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रत्येक पांच वर्ष से कम आयु के बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि देश को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सके।



