google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जिला कलक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

पाली : जिला कलक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, प्रगतिरत परियोजनाओं तथा लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए लंबित सड़क निर्माण कार्यों, बजट घोषणाओं एवं राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम की परियोजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटिंग तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जलदाय विभाग को मानसून से पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई को शीघ्र पूर्ण कर गड्ढों को भरने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

स्वास्थ्य विभाग एवं राजकीय बांगड़ चिकित्सालय की समीक्षा के दौरान आयुष्मान आरोग्य योजना, निःशुल्क दवा एवं जांच योजना, शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान, एचपीवी वैक्सीनेशन, हीटवेव प्रबंधन, मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिला कलक्टर ने बिजली विभाग को ट्रांसफार्मरों के चारों ओर फेंसिंग करवाने, टूटे विद्युत तारों, झुके पोल तथा ढीले तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग को ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत विभागवार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

बैठक में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, महिला अधिकारिता, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को जनसुनवाई से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा संपर्क पोर्टल, राज उन्नति, पंच गौरव कार्यक्रम तथा ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र मेहता सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button