मनरेगा श्रमिकों के बीच पहुंचा राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, अधिकारों को लेकर किया जागरूक

पाली : राजीव गांधी पंचायती राज संगठन द्वारा प्रदेशव्यापी “मनरेगा हर हाथ को रोजगार” अभियान के तहत पाली जिले में श्रमिकों के बीच जनजागरण अभियान तेज कर दिया गया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सी.बी. यादव के निर्देशानुसार 10 जून से 30 जून तक चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत सोमवार को पाली जिला अध्यक्ष मदन सिंह जागरवाल ने सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के मनिहारी एवं केरला गांव में मनरेगा कार्यस्थलों का दौरा कर श्रमिकों से संवाद किया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष जागरवाल ने नाड़ी एवं तालाब खुदाई कार्य में लगे मनरेगा श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें रोजगार योजनाओं और श्रमिक अधिकारों से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने श्रमिकों को केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा योजना में प्रस्तावित बदलावों की जानकारी देते हुए कहा कि एक जुलाई से लागू होने वाली नई व्यवस्था का श्रमिकों पर क्या प्रभाव पड़ सकता है, इसकी जानकारी सभी को होना आवश्यक है।

संवाद कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों से कार्यस्थल पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। इनमें पेयजल व्यवस्था, छाया एवं विश्राम स्थल, प्राथमिक उपचार और दवाइयों की उपलब्धता, समय पर मजदूरी भुगतान सहित अन्य स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई। श्रमिकों ने कार्यस्थलों पर आने वाली कई व्यावहारिक समस्याओं से भी संगठन पदाधिकारियों को अवगत कराया।
जागरवाल ने कहा कि श्रमिकों को अपने अधिकारों और योजनाओं की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें। उन्होंने श्रमिकों से संगठित रहकर अपने हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में रोहट ब्लॉक अध्यक्ष सदा राम विश्नोई, पूर्व उपसरपंच प्रभु राम सीरवी, मेट सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




