पाली के सुदर्शन बाल मंदिर स्कूल के 18 पूर्व छात्र सरकारी सेवाओं में चयनित, भव्य सम्मान समारोह में बने नई पीढ़ी के प्रेरणास्रोत

पाली : शहर के सुदर्शन बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय (छोगजी की स्कूल) में बुधवार को शिक्षा, संस्कार और सफलता का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करने के उद्देश्य से आयोजित भव्य समारोह में इस वर्ष विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित 18 पूर्व विद्यार्थियों को साफा पहनाकर, पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह पूज्य रामस्नेही गोभक्त संत मनोहर दास महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ।
सम्मान समारोह में भारतीय थल सेना, भारतीय वायु सेना, राजस्थान पुलिस, रेलवे, शिक्षा विभाग और पशुपालन विभाग सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। जैसे ही चयनित युवाओं को सम्मान मिला, पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सम्मानित पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यालय ने उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने कहा कि गुरुजनों के निरंतर सहयोग और प्रेरणा ने ही उन्हें सरकारी सेवाओं तक पहुंचने का आत्मविश्वास दिया।
विद्यार्थियों ने विद्यालय के व्यवस्थापक, शिक्षकों और समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज जो सफलता उन्हें मिली है, उसमें विद्यालय का महत्वपूर्ण योगदान है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरपत सिंह चारण और व्यवस्थापक छोगाराम देवासी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यालय के वर्तमान छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से कोई भी विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण, पूर्व विद्यार्थी और वर्तमान छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, गौरव और प्रेरणा का माहौल बना रहा। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे।



