जोधपुर रेल मंडल में स्किल डेवलपमेंट सेंटर शुरू, डीआरएम अनुराग त्रिपाठी बोले— ‘कर्मचारियों के कौशल विकास से बढ़ेगी कार्यकुशलता’

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों के कौशल विकास और कार्य दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विकसित किए गए नए स्किल डेवलपमेंट सेंटर का गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, प्रशिक्षण संसाधनों और व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन कर उनके संचालन पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों से सेंटर की कार्यप्रणाली और उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कर्मचारियों से संवाद करते हुए अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि बदलते समय में तकनीकी दक्षता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे स्किल डेवलपमेंट सेंटर की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करें और अपने ज्ञान एवं कार्यकुशलता को लगातार बेहतर बनाएं।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण केंद्र न केवल कर्मचारियों के व्यावसायिक विकास में सहायक होंगे, बल्कि उनके व्यक्तिगत विकास और आत्मविश्वास को भी नई दिशा देंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे लगातार कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने और आधुनिक कार्य संस्कृति विकसित करने की दिशा में प्रयासरत है। इसी कड़ी में स्थापित यह स्किल डेवलपमेंट सेंटर कर्मचारियों को नई तकनीकों, कार्य प्रणालियों और व्यवहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
रेल प्रशासन का मानना है कि प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन ही यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और रेलवे के समग्र प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।



