google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर मंडल के 43 रेलवे स्टेशनों पर 65 ATVM से आसान हुई टिकटिंग, तीन माह में 16.91 लाख टिकट जारी

जोधपुर : रेलवे यात्रियों को टिकट काउंटरों की लंबी कतारों से राहत देने और डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे का जोधपुर मंडल लगातार तकनीक का विस्तार कर रहा है। इसी दिशा में मंडल के 43 रेलवे स्टेशनों पर 65 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) स्थापित कर यात्रियों को तेज, सरल और सुविधाजनक टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इन मशीनों के माध्यम से यात्री बिना टिकट खिड़की पर जाए जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, सीजन टिकट का नवीनीकरण सहित कई अन्य अनारक्षित टिकटिंग सेवाओं का लाभ स्वयं उठा सकते हैं।

तीन माह में जारी हुए 16.91 लाख टिकट

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों में एटीवीएम मशीनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है, जिससे टिकट वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनी है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान एटीवीएम मशीनों से 56 लाख 52 हजार 739 टिकट जारी किए गए, जिससे रेलवे को 71.68 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 30 जून 2026 के बीच ही 16 लाख 91 हजार 132 टिकट जारी किए जा चुके हैं, जिनसे 24.23 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

UPI और QR कोड से भी कर सकते हैं भुगतान

सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि एटीवीएम मशीन का संचालन बेहद आसान है। यात्री स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन कर कुछ ही मिनटों में अपना टिकट प्राप्त कर सकते हैं। मशीनों पर स्मार्ट कार्ड, UPI और QR कोड के जरिए डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।

एटीवीएम पर मिलती हैं ये सुविधाएं
अनारक्षित (जनरल) टिकट
प्लेटफॉर्म टिकट
सीजन टिकट का नवीनीकरण
अन्य अनारक्षित टिकटिंग सेवाएं
RailOne ऐप से बुक टिकट का भी मिलेगा प्रिंट

रेल प्रशासन ने बताया कि यदि किसी यात्री ने RailOne (रेलवन) मोबाइल ऐप के माध्यम से पेपर टिकट बुक किया है तो वह एटीवीएम मशीन में “Print Booked Ticket” विकल्प चुनकर मोबाइल नंबर या बुकिंग विवरण दर्ज कर टिकट का प्रिंट भी प्राप्त कर सकता है।

रेल प्रशासन की अपील

रेलवे ने यात्रियों से अधिक से अधिक ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों का उपयोग करने की अपील की है। इससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी, यात्रियों का समय बचेगा और टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया अधिक तेज एवं सुविधाजनक बनेगी। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए स्टेशन पर मौजूद रेलकर्मी अथवा ATVM सुविधा सहायक से संपर्क किया जा सकता है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button