google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

विश्व हिन्दू परिषद की पाली बैठक में अगले छह माह की रणनीति तय, सेवा सप्ताह से बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा तक कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित

पाली। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के पाली विभाग की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शनिवार को हाउसिंग बोर्ड स्थित हंस निर्वाण सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित हुई। बैठक में आगामी छह माह के संगठनात्मक, सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही संगठन विस्तार, विभिन्न दायित्वों की घोषणा तथा बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा की तैयारियों पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक का शुभारंभ प्रभु श्रीराम दरबार एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन तथा संगठन की आचार पद्धति के साथ हुआ। कार्यक्रम में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत, प्रांत सह मंत्री सतीश सिंह राव के मार्गदर्शन में विभाग मंत्री शैतानसिंह बिरोलिया की अध्यक्षता तथा जिला अध्यक्ष सुरेश चौधरी एवं नरेंद्र माछर की उपस्थिति रही।

बैठक को संबोधित करते हुए बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत ने कहा कि संगठन को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सेवा, संस्कार और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने आगामी छह माह के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से प्रत्येक अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में तय किया गया कि 5 जुलाई से 12 जुलाई तक बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव, 14 अगस्त को अखंड भारत दिवस एवं विश्व हिन्दू परिषद स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित होंगे। रक्षाबंधन के अवसर पर मातृशक्ति और दुर्गावाहिनी की ओर से विशेष अभियान चलाए जाएंगे। वहीं 16 अगस्त से 27 अगस्त तक प्रस्तावित बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और संगठनात्मक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर जोधपुर प्रांत से निकलने वाली बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के आधिकारिक पोस्टर का भी विमोचन किया गया। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न दायित्वों पर नए कार्यकर्ताओं की घोषणा भी की गई। बैठक का संचालन विभाग मंत्री शैतानसिंह बिरोलिया ने किया।

जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मनीष सेन ने बताया कि बैठक में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत, प्रांत सह मंत्री सतीश सिंह राव, प्रांत संयोजक विक्रम परिहार, प्रांत मिलन प्रमुख गजेंद्र सांखला, मातृशक्ति प्रांत संयोजिका कुसुम थावानी, दुर्गावाहिनी प्रांत संयोजिका विनीता तनवानी, जिला अध्यक्ष नरेंद्र माछर, सुरेश चौधरी, वनाराम चौधरी, जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत, मांगीलाल गेहलोत, डूंगाराम प्रजापत, रतनपुरी गोस्वामी, किशन सीरवी सहित प्रांत, विभाग तथा पाली, बाली और सोजत जिले के विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button